*पंजाब के कैबिनेट मंत्रियों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री को श्री गुरु तेग बहादर जी के 350वें शहीदी समारोहों में शामिल होने का आमंत्रण दिया*
October 27, 2025
-punjab-Cabinet-Ministers-Invite

bureau / Chandigarh

*डॉ. बलजीत कौर और मोहिंदर भगत ने जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से भेंट कर धार्मिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की*
पंजाब सरकार द्वारा नौवें सिख गुरु, श्री गुरु तेग बहादर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित राज्य स्तरीय भव्य समारोहों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर और मोहिंदर भगत ने जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से विशेष मुलाकात की और उन्हें पंजाब में आयोजित होने वाले इन स्मृति समारोहों में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया।

दोनों मंत्रियों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री को पंजाब के मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान की शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। उन्होंने बताया कि श्री गुरु तेग बहादर जी द्वारा धार्मिक स्वतंत्रता और सत्य की रक्षा हेतु दिए गए अद्वितीय बलिदान की स्मृति में पंजाब भर में एक महीने तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मंत्रियों ने जानकारी दी कि इन कार्यक्रमों की शुरुआत 25 अक्टूबर को दिल्ली स्थित गुरुद्वारा श्री सीस गंज साहिब में अरदास के साथ की गई। इसके बाद पंजाब के सभी जिलों में गुरु साहिब के जीवन और उपदेशों को दर्शाने वाले “लाइट एंड साउंड शो”, कीर्तन दरबार और धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। गुरु साहिब के चरणों से जुड़े 130 पवित्र स्थलों पर भी कीर्तन दरबार आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर), गुरदासपुर, फरीदकोट और तख्त श्री दमदमा साहिब (पंजाब) से चार नगर कीर्तन प्रारंभ होंगे, जो 22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेंगे। 23 से 25 नवंबर तक होने वाले मुख्य समारोहों में श्री अखंड पाठ साहिब, सर्व धर्म सम्मेलन, पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र और भव्य कीर्तन दरबार शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री आनंदपुर साहिब में “चक्क नानकी” नामक विशाल टेंट सिटी भी तैयार की जा रही है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने श्री गुरु तेग बहादर जी की महान विरासत को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए पंजाब सरकार के इस धार्मिक प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन धार्मिक आयोजनों से पूरी दुनिया में एकता, करुणा और सर्वधर्म सौहार्द का अमर संदेश जाएगा। उन्होंने इन समारोहों की सफलता के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
मंत्रियों ने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से गुरु साहिब जी के शांति, समानता और सत्य के संदेशों को व्यापक रूप से प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये आयोजन श्रद्धालुओं, विशेषकर युवाओं को, श्री गुरु तेग बहादर जी द्वारा दिखाए गए मानवता और सद्भावना के मूल्यों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करेंगे।

punjab Cabinet Ministers Invited Rajasthan Chief Minister To Attend The 350th Martyrdom Celebrations Of Shri Guru Teg Bahadur Ji


Recommended Posts